लक्ष्मणबाग में गूंजे ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे, जन्माष्टमी उत्सव में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल | कृष्ण स्वरूप नन्हे बालक को गोद में लेकर उप मुख्यमंत्री ने किया दुलार, गौशाला में गौवंश का पूजन कर खिलाया गुड़

रीवा- प्रसिद्ध तीर्थ स्थल लक्ष्मणबाग परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भक्तिमय माहौल के बीच उन्होंने गौ सेवा, देवालयों में पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर श्रद्धालुओं के साथ जन्माष्टमी का उत्सव मनाया।

गौशाला पहुंचकर किया गौवंश का पूजन

उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत लक्ष्मणबाग स्थित गौशाला से की। यहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को प्रिय माने जाने वाले गौवंश का विधि-विधान से पूजन किया और गौवंश को गुड़ खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने लक्ष्मणबाग परिसर में स्थापित राम दरबार, भगवान द्वारिकाधीश और बद्रीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।

पूजा के दौरान उन्होंने प्रदेश और क्षेत्र के नागरिकों की सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की कामना की।

नन्हे कृष्ण को गोद में लेकर किया दुलार

जन्माष्टमी समारोह में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने राधा-कृष्ण और बलराम के मनमोहक स्वरूप धारण कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के अभिनय, नृत्य और भक्ति से पूरा लक्ष्मणबाग परिसर मानो गोकुल की छवि में बदल गया।

नन्हे बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उप मुख्यमंत्री का भी मन मोह लिया। वे भावविभोर नजर आए और कृष्ण स्वरूप धरे एक नन्हे बालक को गोद में उठाकर दुलार किया। यह दृश्य समारोह में मौजूद श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह

जन्माष्टमी उत्सव में पारंपरिक मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री सहित उपस्थित जनसमूह ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आनंद लिया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मणबाग परिसर ‘जय श्री कृष्ण’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंजता रहा। भक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और धार्मिक अनुष्ठानों ने वातावरण को पूरी तरह कृष्णमय बना दिया।

सत्य और निष्काम कर्म का मार्ग दिखाता है श्रीकृष्ण का जीवन

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने उपस्थित श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन दर्शन मानव समाज को सत्य, निष्काम कर्म और प्राणीमात्र की सेवा का मार्ग दिखाता है। उनके विचार और जीवन प्रसंग आज भी समाज को सद्भाव, कर्तव्य और सेवा की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का अवसर भी है।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद

समारोह में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। लक्ष्मणबाग में आयोजित जन्माष्टमी उत्सव ने धार्मिक आस्था के साथ संस्कार, संस्कृति और सेवा का संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *