महापुरुषों के चित्रों को लेकर एबीवीपी का विरोध, सेंट मैरी स्कूल प्रबंधन को दी आंदोलन की चेतावनी

हरदा/टिमरनी- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की टिमरनी इकाई ने विद्यालयों में महापुरुषों के चित्र स्थायी रूप से प्रदर्शित किए जाने की मांग को लेकर सेंट मैरी स्कूल प्रबंधन के समक्ष विरोध दर्ज कराया। परिषद के नगर मंत्री कृष्णा भाटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक दल विद्यालय पहुंचा, जहां निरीक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि परिसर में किसी भी महापुरुष का चित्र प्रदर्शित नहीं था।

नगर मंत्री कृष्णा भाटी ने बताया कि परिषद पिछले दो वर्षों से विद्यालय प्रबंधन से महापुरुषों के चित्र लगाने का आग्रह करती आ रही है, लेकिन अब तक इस संबंध में स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के विचार विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में विद्यालयों में उनके चित्र और प्रेरक संदेश प्रदर्शित होना आवश्यक है।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के प्राचार्य से चर्चा कर तत्काल महापुरुषों के चित्र लगवाए। परिषद ने यह भी चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इन चित्रों को हटाया गया या उन्हें स्थायी रूप से प्रदर्शित नहीं रखा गया, तो संगठन विद्यालय के बाहर आंदोलन करेगा। परिषद का कहना है कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की होगी।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए छात्रहित में संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों से विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा उन्हें सदस्यता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष अमित पालवे, मयूर बोरसे, रोहित गौर, शुभम धनवारे, कृष्णा कुशवाह, कार्तिक केथवास, करण मांडले, उमेश सोलंकी, पीयूष भाटी सहित एबीवीपी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार एबीवीपी द्वारा जारी जानकारी पर आधारित है। विद्यालय प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *