हरसूद नगर परिषद के एल्डरमैन बने अधिवक्ता निलेश कौशल, अधिवक्ता संघ ने किया भव्य स्वागत

हरसूद- मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा हरसूद नगर परिषद के लिए भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी एवं नर्मदापुरम संभाग प्रभारी अधिवक्ता निलेश कौशल को एल्डरमैन मनोनीत किए जाने पर नगर में हर्ष का माहौल है। उनके मनोनयन के उपलक्ष्य में अधिवक्ता संघ हरसूद द्वारा न्यायालय परिसर में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं और भाजपा पदाधिकारियों ने पुष्पमालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी मनोनयन सूची में अधिवक्ता निलेश कौशल को हरसूद नगर परिषद का एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। यह दायित्व उन्हें संगठन में लंबे समय से निभाई जा रही सक्रिय भूमिका, सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों तथा युवाओं के बीच मजबूत जनसंपर्क को देखते हुए सौंपा गया है। वर्तमान में वे भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी एवं नर्मदापुरम संभाग प्रभारी के रूप में संगठनात्मक दायित्व निभा रहे हैं।

बताया गया कि निलेश कौशल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से प्रेरित विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों से लंबे समय से जुड़े रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने की क्षमता तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता के कारण वे क्षेत्र के युवाओं और आमजन के बीच भी एक मजबूत पहचान रखते हैं।

मनोनयन के बाद आयोजित स्वागत समारोह में अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने इसे हरसूद के लिए गौरव का विषय बताया। वक्ताओं ने कहा कि निलेश कौशल का अनुभव और जनसेवा का दृष्टिकोण नगर परिषद के विकास कार्यों में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे नगर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी गंभीरता से उठाएंगे।

इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गौरीशंकर टाले, सचिव लोकेश साध, भाजपा मंडल अध्यक्ष राम पवार, उपाध्यक्ष महेंद्र नामदेव, वरिष्ठ अधिवक्ता रामकुमार गंगराड़े, महेंद्र अग्रवाल, महेंद्र पगारे, मकसूद पटेल, धर्मेंद्र नामदेव, नरेंद्र शर्मा, दीपक शर्मा, मुकेश दरबार, श्रीकृष्ण नामदेव, कैलाश यादव, मोहित पाराशर, अभिषेक पगारे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, भाजपा पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

अपने सम्मान पर अधिवक्ता निलेश कौशल ने प्रदेश नेतृत्व, संगठन तथा अधिवक्ता संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में रहते हुए जनहित के कार्यों, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। साथ ही उन्होंने संगठन और समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी के सहयोग से हरसूद के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *