खंडवा- पत्रकारिता के बदलते परिदृश्य में मीडिया कर्मियों को नई चुनौतियों, आधुनिक तकनीकों और पेशेवर मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से स्टेट प्रेस क्लब मध्यप्रदेश द्वारा संभागीय स्तर पर विशेष कार्यशाला “द जर्नी ऑफ़ ए जर्नलिस्ट” का आयोजन 4 अगस्त को खंडवा में किया जा रहा है। इस अवसर पर खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी जिले के पत्रकार एक मंच पर जुटेंगे, जहां उन्हें वरिष्ठ पत्रकारों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। वहीं, शाम को सद्भावना मंच की ओर से स्टेट प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का संगीतमय सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
स्टेट प्रेस क्लब मध्यप्रदेश के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को पत्रकारों के लिए सीखने, संवाद स्थापित करने और अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। स्टेट प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष प्रमोद जैन ने बताया कि कार्यशाला का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक वृंदावन गार्डन, खंडवा में होगा। इसमें वरिष्ठ पत्रकार राजेश रैना एवं तृप्ति श्रीवास्तव पत्रकारिता के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे।
कार्यशाला में समाचार लेखन की गुणवत्ता, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, सोशल मीडिया के दौर में तथ्यपरक रिपोर्टिंग, फेक न्यूज से बचाव, मीडिया की नैतिक जिम्मेदारियां तथा बदलते तकनीकी परिवेश में पत्रकारों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञ पत्रकार अपने लंबे अनुभव साझा करते हुए युवा और कार्यरत पत्रकारों को व्यावहारिक मार्गदर्शन भी देंगे।
आयोजकों का मानना है कि वर्तमान समय में पत्रकारिता तेजी से परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में इस प्रकार की कार्यशालाएं पत्रकारों को नई सोच, नई तकनीकों और पेशेवर दक्षता से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। संभाग के चार जिलों से आने वाले पत्रकारों के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान भी इस आयोजन की विशेषता रहेगा।
इसी दिन शाम 4 बजे सद्भावना मंच कार्यालय हॉल में सद्भावना मंच द्वारा स्टेट प्रेस क्लब मध्यप्रदेश एवं अभिनव कला समाज के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल सहित स्टेट प्रेस क्लब के सदस्यों का संगीतमय सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। सद्भावना मंच के अध्यक्ष प्रमोद जैन ने बताया कि समारोह में पत्रकारों के सामाजिक सरोकारों, लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका तथा जनहित के प्रति उनके योगदान का सम्मान किया जाएगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच अतिथियों का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने संभाग के सभी पत्रकारों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यशाला नहीं, बल्कि पत्रकारिता के अनुभव, ज्ञान, संवाद और सम्मान का साझा मंच है। इससे पत्रकारों को नई ऊर्जा, बेहतर दृष्टिकोण और अपने पेशे को अधिक प्रभावी ढंग से निभाने की प्रेरणा मिलेगी।
