गौरव दिवस का संगीतमय आगाज़: सद्भावना मंच पर गूंजेंगे किशोर दा के अमर गीत

खंडवा- महान पार्श्वगायक एवं हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की जयंती पर आयोजित तीन दिवसीय “खंडवा गौरव दिवस” के प्रथम दिन सद्भावना मंच द्वारा संगीतमय कार्यक्रम “किशोर गीतांजलि” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रविवार, 2 अगस्त को शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक किशोर कुमार समाधि के सामने स्थित पेट्रोल पंप परिसर के सद्भावना हॉल में आयोजित होगा।

सद्भावना मंच के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कराओके संगीत की मधुर धुनों पर किशोर कुमार के सदाबहार और लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल किशोर कुमार को संगीतांजलि अर्पित करना ही नहीं, बल्कि उनकी समृद्ध संगीत विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और स्थानीय संगीत प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना भी है।

प्रमोद जैन ने बताया कि कार्यक्रम में शहर के सुरसाधक, संगीत प्रेमी और किशोर कुमार के प्रशंसक अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से किशोर दा के अमर गीतों को स्वर देंगे। संगीतमय माहौल में श्रोताओं को किशोर कुमार के बहुआयामी व्यक्तित्व और उनके स्वर्णिम फिल्मी सफर की यादें भी ताजा होंगी।

सद्भावना मंच ने जिले के सभी संगीत प्रेमियों, कलाकारों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर खंडवा की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के इस विशेष आयोजन का हिस्सा बनने और किशोर दा को सामूहिक संगीतांजलि अर्पित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *