ग्राम रोशनी में आज होगा रामसत्ता महोत्सव का समापन, 24 घंटे अखंड भजन-कीर्तन से भक्तिमय बना माहौल

रोशनी (खंडवा)- ग्राम रोशनी में आयोजित पारंपरिक रामसत्ता महोत्सव का आज श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में समापन होगा। सोमवार को शुभारंभ के साथ शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में पुरोहित श्री प्रमोद अत्रे के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान विट्ठल की विधिवत पूजा-अर्चना एवं महाआरती संपन्न हुई थी। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान विट्ठल के दर्शन कर सुख, शांति, समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।

रामसत्ता महोत्सव के दौरान बीते 24 घंटों से अखंड भजन-कीर्तन और नाम संकीर्तन का क्रम लगातार जारी है। भजन मंडलियों द्वारा भगवान विट्ठल और श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति से पूरा गांव भक्तिरस में सराबोर हो गया। आयोजन स्थल पर दिन-रात श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और भक्ति का अनूठा वातावरण देखने को मिला।

आयोजन समिति ने बताया कि रामसत्ता महोत्सव का उद्देश्य समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है। ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं।

समापन अवसर पर भगवान विट्ठल की विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में पहुंचकर भजन-कीर्तन में भाग ले रहे हैं और धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।

इस अवसर पर नगर सेठ गजाधर जायसवाल, किशन विश्वकर्मा, सुनील विश्वकर्मा, कलिराम, भारत ढोलक मास्टर, गायक मंडली सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से समापन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान विट्ठल का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *