खंडवा में गूंजेगी शिवधारा की अमृतवाणी, संत डॉ. संतोष कुमार का सत्संग मंगलवार को

खंडवा- आध्यात्मिक नगरी खंडवा एक बार फिर भक्ति और सत्संग के रंग में रंगने जा रही है। शिवधारा आश्रम अमरावती के सुप्रसिद्ध संत एवं आध्यात्मिक प्रवक्ता डॉ. संतोष कुमार जी का नगर आगमन होने जा रहा है। उनके सान्निध्य में आयोजित होने वाला शिवधारा सत्संग श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा, ज्ञान और आत्मचिंतन का विशेष अवसर लेकर आएगा।

शिवधारा समिति के सदस्य रवि गिदवानी और सिंधी समाज के प्रवक्ता कमल नागपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 जुलाई, मंगलवार को शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक सिंधी कॉलोनी स्थित सिंधी सेवा मंडली बगीचा ग्राउंड में भव्य सत्संग एवं प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में संत डॉ. संतोष कुमार जी अपने ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से मानव जीवन के आध्यात्मिक, नैतिक और सामाजिक पक्षों पर प्रकाश डालेंगे।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संत डॉ. संतोष कुमार जी के प्रवचन देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करते रहे हैं। उनके सरल, सहज और प्रेरणादायी विचार लोगों को सकारात्मक जीवन, मानव सेवा और ईश्वर भक्ति की ओर प्रेरित करते हैं। यही कारण है कि उनके सत्संगों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करते हैं।

आयोजकों ने बताया कि इस सत्संग में भजन, आध्यात्मिक प्रवचन और धर्म-संस्कृति से जुड़े प्रेरणादायी संदेशों का संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम को लेकर शिवधारा समिति और सिंधी समाज के सदस्यों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस आध्यात्मिक आयोजन का लाभ उठा सकें।

समिति ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित इस सत्संग में शामिल होकर संत डॉ. संतोष कुमार जी के दिव्य प्रवचनों का लाभ लें और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा तथा आध्यात्मिक चेतना का संचार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *