खंडवा/खारकलाँ- विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान और शैक्षणिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने एक बार फिर सक्रिय भूमिका निभाते हुए शासकीय सांदीपनि विद्यालय, खारकलाँ के प्रबंधन को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विद्यालय की बस संचालन व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन, आधारभूत सुविधाओं तथा विद्यालय में व्याप्त विभिन्न अव्यवस्थाओं को प्रमुखता से उठाया गया है।
अभाविप के नगर मंत्री अमन यादव ने बताया कि पिछले कुछ समय से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों द्वारा विद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इनमें बस संचालन से जुड़ी परेशानियां, व्यवस्थागत खामियां और विद्यार्थियों को होने वाली असुविधाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए परिषद ने विद्यालय प्रबंधन के समक्ष विद्यार्थियों की मांगों को रखते हुए त्वरित समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि किसी भी शैक्षणिक संस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुगम और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है। यदि विद्यालय की मूलभूत व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित नहीं होती हैं तो इसका सीधा प्रभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई और उनके मानसिक विकास पर पड़ता है। इसलिए विद्यालय प्रशासन को इन समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान करना चाहिए।
अभाविप ने विद्यालय प्रशासन से मांग की है कि बस संचालन व्यवस्था को नियमित एवं पारदर्शी बनाया जाए, विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा विद्यालय परिसर में आवश्यक सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त किया जाए। परिषद ने यह भी कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को केवल औपचारिकता के तौर पर नहीं बल्कि गंभीरता के साथ लिया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
संगठन ने स्पष्ट किया कि वह विद्यार्थियों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। यदि विद्यालय प्रशासन द्वारा ज्ञापन में उल्लिखित मांगों पर सात दिवस के भीतर संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर प्रांत एसएफडी टोली सदस्य दुर्गेश सिंह राठौड़ सहित अभाविप के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में विद्यार्थियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए विद्यालय प्रशासन से सकारात्मक पहल की अपेक्षा व्यक्त की।
