खंडवा- देश के महान पार्श्व गायक, अभिनेता और हरफनमौला कलाकार स्वर्गीय किशोर कुमार के जन्मदिवस और खंडवा गौरव दिवस की तैयारियों का आगाज इस वर्ष सबसे पहले सद्भावना मंच द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंच के सदस्यों ने एक ओर जहां किशोर कुमार के अमर गीतों को गाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, वहीं दूसरी ओर उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने की मांग को एक बार फिर बुलंद किया।
सद्भावना मंच द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को सामूहिक ई-मेल एवं ट्वीट भेजकर मांग की गई कि महान कलाकार किशोर कुमार को मरणोपरांत भारत रत्न प्रदान किया जाए। साथ ही उनके पैतृक निवास को राष्ट्रीय धरोहर (हेरिटेज) घोषित करने, उनके घरेलू मकान के समीप स्थित चौराहे का नाम ‘किशोर कुमार चौराहा’ रखने तथा गौरी कुंज सभागृह को उसके वर्तमान स्वरूप में यथावत बनाए रखने का अनुरोध भी किया गया।
गौरतलब है कि खंडवा की धरती ने भारतीय सिनेमा को एक ऐसा अनमोल रत्न दिया, जिसकी आवाज आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में जीवंत है। अपनी बहुमुखी प्रतिभा, अद्भुत गायन शैली और अभिनय से किशोर कुमार ने भारतीय फिल्म जगत को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। उनके योगदान को देखते हुए समय-समय पर उन्हें भारत रत्न दिए जाने की मांग उठती रही है।
हाल ही में यह मांग एक बार फिर जोर पकड़ती दिखाई दे रही है। खंडवा के किशोर प्रेमियों के अलावा देवास-शाजापुर के सांसद तथा खंडवा सांसद ने भी केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर किशोर कुमार को मरणोपरांत भारत रत्न दिए जाने की मांग की है। इसके साथ ही उनके पैतृक घर को राष्ट्रीय विरासत घोषित करने की मांग भी पुनः चर्चा में आ गई है।
सद्भावना मंच ने इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में पहल करते हुए खंडवा गौरव दिवस की शुरुआत की। मंच के सदस्यों ने माली कुआं स्थित सद्भावना मंच कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शाम 4 बजे से 7 बजे तक कराओके पर किशोर कुमार के मस्तीभरे और सदाबहार गीत गाकर उनकी स्मृतियों को जीवंत किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि जिस कलाकार ने अपनी आवाज और कला से देश-दुनिया में भारत की पहचान बनाई, उसे देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए।
सद्भावना मंच के सदस्य कमल नागपाल ने बताया कि आगामी दिनों में किशोर कुमार जन्मदिवस और खंडवा गौरव दिवस को लेकर विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी भी इस महान कलाकार के जीवन और योगदान से प्रेरणा ले सके।
कार्यक्रम में सद्भावना मंच के संस्थापक प्रमोद जैन, सुरेंद्र गीते, एन.के. दवे, गणेश भावसार, पंडित गोपाल भारद्वाज, कमल नागपाल, योगेश गुजराती, ओम पिल्ले, एम.एम. कुरैशी, राजेश पोरपंथ, मुरली मनोहर त्रिवेदी, डॉ. संदीप डोंगरे, सीमा जोशी, श्वेता हरि सखी, सतीश मुदीराज, सुनील सोमानी, के.के. व्यास, अशोक जैन, धीरज नेगी, कैलाश पटेल और सुभाष मीणा सहित बड़ी संख्या में किशोर प्रेमी उपस्थित रहे।
