भोपाल- राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेश सहित देशभर के समस्त चिकित्सकों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई देते हुए उनके समर्पण, सेवा भावना और मानव जीवन की रक्षा के प्रति किए जा रहे अमूल्य योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समाज की वह सशक्त शक्ति हैं, जो अपने ज्ञान, अनुभव, संवेदनशीलता और अथक परिश्रम के माध्यम से न केवल रोगों का उपचार करते हैं, बल्कि लोगों के जीवन में आशा, विश्वास और नई ऊर्जा का संचार भी करते हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस भारत के महान चिकित्सक, प्रख्यात शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति को समर्पित है। चिकित्सा के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी देश के चिकित्सकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का यह विशेष अवसर है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सक हर परिस्थिति में समाज के साथ खड़े रहते हैं। चाहे प्राकृतिक आपदा हो, महामारी का संकट हो या सामान्य परिस्थितियाँ, डॉक्टर अपने कर्तव्य का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करते हैं। वे दिन-रात मरीजों की सेवा कर असंख्य लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाए रखने में उनकी भूमिका अतुलनीय और अत्यंत सम्माननीय है।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और जन-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने, चिकित्सा संस्थानों को सुदृढ़ बनाने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने के लिए अनेक योजनाएँ प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। इन सभी प्रयासों की सफलता में प्रदेश के चिकित्सकों का समर्पण, विशेषज्ञता और सेवाभाव सबसे महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने कहा कि सरकार और चिकित्सक मिलकर एक ऐसे स्वास्थ्य तंत्र का निर्माण कर रहे हैं, जहाँ प्रत्येक व्यक्ति को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के सभी चिकित्सक आगे भी अपनी सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों के साथ कार्य करते हुए स्वस्थ, समृद्ध और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सभी चिकित्सकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सफल जीवन की कामना करते हुए कहा कि समाज सदैव उनके योगदान का ऋणी रहेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी चिकित्सकों के प्रति सम्मान और विश्वास बनाए रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

