खंडवा- जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए ग्राम पंचायत बोथिया खुर्द के प्रभारी सचिव श्री कृष्णकुमार गाठिया को जिला स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह में सम्मानित किया गया। जनजातीय कार्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके समर्पित कार्यों की सराहना की। यह सम्मान ग्राम पंचायत स्तर पर जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और जनभागीदारी के माध्यम से किए गए उल्लेखनीय प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।

यह सम्मान खंडवा के किशोर कुमार सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समापन समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर 19 मार्च से प्रारंभ हुए जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य प्रदेश में जल स्रोतों का संरक्षण, वर्षा जल का अधिकतम संचयन, पारंपरिक जल संरचनाओं का पुनर्जीवन तथा जनभागीदारी के माध्यम से जल सुरक्षा को मजबूत बनाना रहा। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में तालाबों, कुओं, बावड़ियों, अमृत सरोवरों और अन्य जल संरचनाओं के संरक्षण एवं निर्माण के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया।

इन्हीं प्रयासों के बीच ग्राम पंचायत बोथिया खुर्द ने उल्लेखनीय कार्य कर अपनी अलग पहचान बनाई। प्रभारी सचिव श्री कृष्णकुमार गाठिया ने पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से जल संरक्षण गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित किया। जनभागीदारी को केंद्र में रखकर किए गए कार्यों ने न केवल अभियान के उद्देश्यों को गति दी, बल्कि ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति स्थायी जागरूकता भी विकसित की। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें जिला स्तर पर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि जल संरक्षण आज केवल विकास का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से लाखों जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण और पुनर्जीवन किया गया है, जिससे भूजल स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने खंडवा जिले की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जिला इस वर्ष भी देश के अग्रणी जिलों में अपना स्थान बनाए रखेगा।
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि जिले में जनभागीदारी के माध्यम से लगभग सवा चार लाख जलग्रहण संरचनाओं का निर्माण एवं विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पंचायत सचिवों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिस समर्पण से कार्य किया, वह अनुकरणीय है। इसी सामूहिक प्रयास के कारण खंडवा जल संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत आवलियां (रोशनी) के ग्राम रोजगार सहायक संतोष बामने, ग्राम पंचायत पिपलानी के ग्राम रोजगार सहायक राजेश पाचोले, ग्राम पंचायत कालाआम कलां सहित जिले उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया।

ग्राम पंचायत बोथिया खुर्द के प्रभारी सचिव श्री कृष्णकुमार गाठिया को मिला यह सम्मान उनकी कार्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण है। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे ग्राम पंचायत परिवार, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान भी है। उनकी यह सफलता जिले की अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणा बनेगी तथा जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन की दिशा में जनभागीदारी को और अधिक मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।

