सेफ क्लिक 2.0′ अभियान ने पकड़ी रफ्तार: खंडवा पुलिस ने गांव-गांव पहुंचकर साइबर चौपालों के माध्यम से किया डिजिटल सुरक्षा का संदेश प्रसारित

खंडवा- मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के पांचवें दिवस खंडवा पुलिस ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। ग्राम पंचायतों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित साइबर चौपालों के माध्यम से नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के तहत शहर अनुभाग में थाना मोघट रोड द्वारा ग्राम पंचायत अहमदपुर खैगांव, थाना कोतवाली द्वारा ग्राम पंचायत जामली तथा थाना पदमनगर द्वारा ग्राम पंचायत बोरगांव खुर्द में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

मुख्यालय अनुभाग में डीएसपी मुख्यालय श्री अनिल सिंह चौहान, थाना पंधाना प्रभारी सुरेंद्र नाथ पांडे, महिला थाना प्रभारी श्रीमती सुलोचना गेहलोत सहित पुलिस टीम ने थाना छैगांव माखन क्षेत्र के चमाटी मंदिर परिसर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वहीं थाना पिपलोद की टीम ने ग्राम गंधवा, थाना जावर ने ब्रह्मगिरी मंदिर में आयोजित सत्संग कार्यक्रम तथा थाना पंधाना ने ग्राम डुल्हार में साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया।

मूंदी अनुभाग में थाना मूंदी, धनगांव, नर्मदानगर और मान्धाता पुलिस ने संबंधित ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से अवगत कराया। इसी प्रकार हरसूद अनुभाग में थाना हरसूद, खालवा एवं किल्लोद पुलिस ने ग्राम पंचायतों में साइबर चौपाल लगाकर डिजिटल सुरक्षा का संदेश दिया।

कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी केवाईसी अपडेट, ओटीपी साझा करने के खतरे, यूपीआई फ्रॉड, ऑनलाइन निवेश ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। साथ ही साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन के लिए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया।

खंडवा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी अथवा संदिग्ध डिजिटल गतिविधि का सामना करना पड़े, तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें तथा समय रहते शिकायत दर्ज कराकर आर्थिक नुकसान से बचें।

“सेफ क्लिक 2.0” अभियान का उद्देश्य केवल साइबर अपराधों की रोकथाम ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को डिजिटल रूप से जागरूक और सुरक्षित बनाना है। खंडवा पुलिस का यह जनसंपर्क आधारित अभियान ग्रामीण अंचलों तक साइबर सुरक्षा का मजबूत संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *