देशगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकबजनी का आरोपी गिरफ्तार, 1.20 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद

खंडवा- खंडवा पुलिस को चोरी एवं नकबजनी के मामलों में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। चौकी देशगांव थाना छैगांव माखन पुलिस ने त्वरित एवं तकनीकी जांच के आधार पर नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य का चोरी का मशरुका बरामद किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी धर्मेन्द्र राजपूत, निवासी ग्राम सहेजला ने 16 जून 2026 को चौकी देशगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर ने उनके घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी एवं पेटी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण तथा लगभग एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 198/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेंद्र पिता रामसिंह मोरे (30 वर्ष), निवासी चांदनीपुरा ढोली मोहल्ला, सनावद के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी का पूरा मशरुका बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी थाना सनावद क्षेत्र का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध पूर्व से 12 चोरी के प्रकरण तथा आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। इससे स्पष्ट होता है कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ पांडे, उप निरीक्षक रामप्रकाश यादव, उप निरीक्षक गणेश पाटीदार (प्रभारी एफएसएल यूनिट), प्रधान आरक्षक जितेंद्र राठौर (साइबर सेल), प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र वर्मा तथा आरक्षक अनुप गौर की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

खंडवा पुलिस ने कहा है कि जिले में चोरी, नकबजनी एवं अन्य गंभीर अपराधों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *