20 जुलाई तक ऑनलाइन या ऑफलाइन कर सकते हैं आवेदन
खंडवा- म.प्र. पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी “एमपी ट्रांसको” द्वारा संचालित अंशदायी कैशलेस उपचार योजना के अंतर्गत अब तक शामिल होने से वंचित रह गए कार्मिकों, पेंशनरों एवं परिवार पेंशन प्राप्त करने वालों को योजना का लाभ लेने के लिए एक और अवसर दिया है। एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता मानव संसाधन एवं प्रशासन श्री धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पात्र कार्मिक एवं पेंशनर 25 जून से 20 जुलाई 2026 तक इसके लिए पुनः आवेदन कर सकते हैं। ये आवेदन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकार किए जाएंगे।
कंपनी के मुख्य अभियंता श्री धीरेंद्र सिंह ने बताया कि जो पात्र हितग्राही वर्तमान में योजना का लाभ नहीं ले रहे हैं, और अब इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, उन्हें योजना के प्रारंभ होने की तिथि से अब तक देय सभी अंशदान किस्तों का भुगतान एकमुश्त करना होगा। योजना के अन्य सभी नियम एवं शर्तें यथावत रहेंगी। एमपी ट्रांसको प्रबंधन ने पात्र कार्मिकों, पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों से निर्धारित अवधि में आवेदन प्रस्तुत कर इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा का लाभ लेने का आग्रह किया है।
