खंडवा- हिंदी सिनेमा के महान गायक, अभिनेता, संगीतकार और हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की जन्मस्थली खंडवा एक बार फिर सुरों की गूंज से सराबोर होने जा रही है। उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 2 से 4 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाला ‘खंडवा गौरव दिवस’ इस वर्ष पहले से अधिक भव्य, व्यापक और आकर्षक स्वरूप में मनाया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में संगीत, संस्कृति, खेल, पर्यटन, स्थानीय प्रतिभाओं और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में महापौर श्रीमती अमृता अपर यादव, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन, जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा तथा किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के पदाधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि आयोजन का उद्देश्य केवल किशोर कुमार को श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि खंडवा की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना भी है।
पहले दिन मैराथन और सुरों की जंग
उत्सव का शुभारंभ 2 अगस्त को होगा। सुबह नगर निगम कार्यालय से केवलराम चौराहे तक मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और चेम्बर ऑफ कॉमर्स का सहयोग रहेगा। इसका उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इसी दिन रात्रि में किशोर कुमार सभागृह में बहुप्रतीक्षित ‘वृहद वॉइस ऑफ खंडवा’ गायन प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा, जहां देशभर से चयनित प्रतिभागी अपनी गायकी का जादू बिखेरेंगे।
दूसरा दिन होगा संस्कृति और स्वाद के नाम
3 अगस्त को सुबह स्कूली और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय लोक संस्कृति, देशभक्ति, संगीत और नृत्य की विविध झलकियां देखने को मिलेंगी।
शाम को नगर निगम एवं घंटाघर क्षेत्र में फूड जोन, बैंड परफॉर्मेंस और किशोर कुमार के अमर गीतों पर आधारित संगीत संध्या का आयोजन होगा। इससे शहरवासियों के साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी खंडवा की सांस्कृतिक जीवंतता का अनुभव मिलेगा।
जन्मदिवस पर समाधि स्थल पर सुरमई श्रद्धांजलि
4 अगस्त, जो कि किशोर कुमार का जन्मदिवस है, सुबह 9 बजे उनकी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। नगर निगम और किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सुरमई श्रद्धांजलि’ कार्यक्रम में कलाकार उनके लोकप्रिय गीतों के माध्यम से उन्हें संगीतमय नमन करेंगे।
इसी दिन शाम 7:30 बजे से आयोजित होने वाली ‘किशोर नाइट’ इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण होगी। प्रसिद्ध गायक पी. गणेश और प्रीति जोशी अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को किशोर कुमार के स्वर्णिम संगीत सफर की याद दिलाएंगे।
विनोद राठौर को मिलेगा ‘किशोर सम्मान’
इस वर्ष आयोजन की विशेष उपलब्धि यह होगी कि बॉलीवुड के जाने-माने पार्श्वगायक विनोद राठौर को गायन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘किशोर सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। सम्मान स्वरूप उन्हें एक लाख रुपये की सम्मान राशि तथा ताम्रपत्र भेंट किया जाएगा। इससे आयोजन की राष्ट्रीय प्रतिष्ठा और अधिक बढ़ेगी।
देशभर की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा आयोजित ‘वृहद वॉइस ऑफ खंडवा’ प्रतियोगिता इस वर्ष और अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता को सब जूनियर, जूनियर और सीनियर तीन वर्गों में विभाजित किया गया है, ताकि हर आयु वर्ग की प्रतिभाओं को समान अवसर मिल सके।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रतियोगिता केवल मध्यप्रदेश तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि देश के किसी भी राज्य का प्रतिभागी इसमें भाग ले सकेगा। इससे आयोजन राष्ट्रीय स्तर की पहचान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
बढ़ी पुरस्कार राशि से बढ़ेगा उत्साह
प्रतियोगिता को अधिक आकर्षक बनाने के लिए पुरस्कार राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
सीनियर वर्ग में प्रथम पुरस्कार 31 हजार रुपये, द्वितीय 21 हजार रुपये तथा तृतीय 11 हजार रुपये होगा।
जूनियर वर्ग में प्रथम 15 हजार, द्वितीय 8 हजार और तृतीय 5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
सब जूनियर वर्ग में प्रथम 11 हजार, द्वितीय 8 हजार तथा तृतीय 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
यह रहेगा प्रतियोगिता का कार्यक्रम
- 22 जुलाई – सब जूनियर एवं जूनियर वर्ग के ऑडिशन
- 23 जुलाई – सीनियर वर्ग के ऑडिशन
- 30 जुलाई – क्वार्टर फाइनल
- 31 जुलाई – सेमीफाइनल
- 2 अगस्त – ग्रैंड फिनाले
खंडवा की सांस्कृतिक पहचान को मिलेगा नया आयाम
‘खंडवा गौरव दिवस’ अब केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं रह गया है, बल्कि यह शहर की पहचान, पर्यटन, स्थानीय कला, संगीत और युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने का सशक्त माध्यम बन चुका है। हर वर्ष यह आयोजन हजारों संगीत प्रेमियों और कलाकारों को खंडवा की ओर आकर्षित करता है।
किशोर कुमार ने अपनी बहुआयामी प्रतिभा से भारतीय सिनेमा को जो अमूल्य धरोहर दी, उसी विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास यह आयोजन निरंतर कर रहा है। इस वर्ष का आयोजन भी न केवल किशोर दा की यादों को जीवंत करेगा, बल्कि खंडवा को देश की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

