3 दिन में पूरे हों एडमिशन, हर विद्यार्थी की बने ‘अपार’ आईडी: कलेक्टर ऋषव गुप्ता

खंडवा- जिले के सभी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया, विद्यार्थियों की ‘अपार’ (APAAR) आईडी और आधार पंजीयन को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने शिक्षा विभाग को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगले तीन दिनों के भीतर जिले के सभी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाए और प्रत्येक विद्यार्थी का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि नर्सरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के प्रत्येक छात्र-छात्रा की ‘अपार’ आईडी अनिवार्य रूप से बनाई जाए। साथ ही सभी विद्यालयों में आधार पंजीयन शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का आधार पंजीयन भी कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी शासकीय योजना या शैक्षणिक सुविधा का लाभ लेने में विद्यार्थियों को परेशानी न हो।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) और बीआरसी को ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा ‘अपार’ आईडी निर्माण और आधार पंजीयन की प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा होना चाहिए।

बैठक में शिक्षकों की जवाबदेही पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी शिक्षक ई-अटेंडेंस नियमित रूप से दर्ज करें और विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुशासन और नियमित उपस्थिति दोनों आवश्यक हैं।

साथ ही सांदीपनि विद्यालयों एवं पीएम श्री शालाओं के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि वे अभी से शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, ताकि आगामी परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहे। इसके अलावा जिन विद्यालयों में अभी तक विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण नहीं हुआ है, वहां तत्काल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के नामांकन, पहचान और शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करे, ताकि जिले के प्रत्येक बच्चे को बेहतर और व्यवस्थित शिक्षा व्यवस्था का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *