रीवा जिला अस्पताल को मिली चार नई स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने किया लोकार्पण

मातृ-शिशु स्वास्थ्य से लेकर वृद्धजन देखभाल तक सेवाओं का विस्तार, बोले— जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाया जा रहा है

भोपाल/रीवा- उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा के कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय में चार महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण कर जिले की चिकित्सा सेवाओं को नई मजबूती प्रदान की। यूनिसेफ के सहयोग से स्थापित इन नई इकाइयों का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के साथ-साथ वृद्धजनों और आम नागरिकों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उप मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मातृ-नवजात शिशु देखभाल यूनिट (MNCU) का उद्घाटन किया। इस इकाई में जन्म के समय गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे नवजात शिशुओं और उनकी माताओं को विशेषज्ञ उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके बाद उन्होंने गर्भ संस्कार यूनिट का शुभारंभ किया, जहां गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के साथ योग, ध्यान, संगीत चिकित्सा, सात्विक एवं पौष्टिक आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली संबंधी परामर्श दिया जाएगा।

इसी क्रम में आदर्श टीकाकरण केन्द्र का शुभारंभ किया गया, जहां शिशुओं को विभिन्न गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए सभी आवश्यक टीके सुव्यवस्थित ढंग से लगाए जाएंगे। साथ ही राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के अंतर्गत स्थापित आधुनिक फिजियोथेरेपी यूनिट का भी लोकार्पण किया गया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों और अन्य मरीजों के लिए अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है और जिला अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही नवीन ओपीडी भवन तथा अस्पताल विस्तार से जुड़े निर्माण कार्य पूर्ण कर अतिरिक्त सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि यूनिसेफ के सहयोग से शुरू की गई नई स्वास्थ्य इकाइयां गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करेंगी, जिससे मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जाएगा। इसके लिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती के साथ आवश्यक आधुनिक उपकरणों की भी उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने जिला चिकित्सालय की वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी दी, जबकि प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. बीनू सिंह ने गर्भ संस्कार यूनिट की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यत्नेश त्रिपाठी, यूनिसेफ के राज्य प्रमुख विलियम हैनलोन, डॉ. प्रशांत कुमार, श्री अनिल गुलाटी, डॉ. केबी गौतम, डॉ. केके तिवारी, डॉ. आलोक दुबे सहित अनेक चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

नई स्वास्थ्य इकाइयों के शुभारंभ के साथ रीवा जिला चिकित्सालय में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और वृद्धजन देखभाल की सेवाएं पहले से अधिक सुदृढ़ होंगी, जिससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण उपचार का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *