उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल उद्घाटन उड़ान में बने सहयात्री, रीवा से कोलकाता की पहली उड़ान में 63 यात्रियों ने किया सफर

रीवा/भोपाल- विंध्य क्षेत्र के लिए रविवार का दिन हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से ऐतिहासिक रहा। रीवा एयरपोर्ट से भोपाल और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवाओं की शुरुआत हो गई। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही हवाई संपर्क विस्तार की मांग को इस नई सेवा के रूप में महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है।

रीवा से भोपाल के लिए शुरू हुई उद्घाटन उड़ान में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल स्वयं यात्रियों के साथ सहयात्री बनकर भोपाल रवाना हुए। उन्होंने रीवा एयरपोर्ट से हवाई सेवा के शुभारंभ में सहभागिता की और नई उड़ान को विंध्य के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

भोपाल में हुआ भव्य शुभारंभ

भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर आयोजित समारोह में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री के. राममोहन नायडू और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जबलपुर से कोलकाता, भोपाल से पटना, भोपाल से रीवा और रीवा से कोलकाता के बीच हवाई सेवाओं की शुरुआत की गई।

नई सेवाओं के शुरू होने से मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच हवाई संपर्क मजबूत होने के साथ ही विंध्य क्षेत्र को देश के पूर्वी हिस्से से भी सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है।

उद्घाटन उड़ान में यात्रियों के साथ शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नई हवाई सेवा को केवल औपचारिक रूप से शुरू करने के बजाय स्वयं उद्घाटन उड़ान में यात्रा कर इसका हिस्सा बने। वे रीवा से भोपाल जाने वाली फ्लाइट में यात्रियों के साथ सहयात्री बनकर भोपाल पहुंचे।

भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता के बाद श्री शुक्ल भोपाल से रीवा लौटने वाली उड़ान में भी सहयात्री बनकर रीवा पहुंचे। इसके बाद उन्होंने रीवा से कोलकाता के लिए शुरू हुई प्रथम उड़ान में यात्रा की। इस उड़ान में कुल 63 यात्रियों ने कोलकाता के लिए सफर किया।

विंध्य के विकास को मिलेगी नई गति

रीवा से भोपाल और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने से विंध्य क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा। अब यात्रियों को इन शहरों तक पहुंचने के लिए सड़क या रेल मार्ग पर निर्भरता कम होगी और समय की भी बचत होगी।

रीवा और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों, व्यापारियों, उद्योग जगत, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों तथा सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को इस हवाई कनेक्टिविटी का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन और निवेश को भी मिलेगा प्रोत्साहन

विंध्य क्षेत्र ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध है। रीवा के साथ मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी, चित्रकूट, मैहर और आसपास के अन्य पर्यटन स्थलों तक पहुंच के लिए बेहतर हवाई कनेक्टिविटी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

कोलकाता से सीधा हवाई संपर्क बनने से पूर्वी भारत के पर्यटकों और कारोबारियों के लिए विंध्य क्षेत्र तक पहुंच आसान होगी। इसी तरह क्षेत्र के उद्यमियों और निवेशकों को भी बड़े व्यावसायिक केंद्रों से जुड़ने में सुविधा मिलेगी।

हवाई सेवा विस्तार से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत

रीवा एयरपोर्ट से नई उड़ानों का संचालन विंध्य क्षेत्र को प्रदेश और देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भोपाल से सीधा जुड़ाव जहां प्रदेश की राजधानी तक तेज पहुंच उपलब्ध कराएगा, वहीं कोलकाता से कनेक्टिविटी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक संपर्क का दायरा बढ़ाएगी।

नई हवाई सेवाओं को क्षेत्र के विकास, पर्यटन विस्तार, व्यापारिक गतिविधियों और निवेश की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। रीवा से उड़ान सेवाओं का विस्तार विंध्य के लंबे समय से संजोए हवाई कनेक्टिविटी के सपने को साकार करने की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *