खंडवा- साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से खंडवा पुलिस द्वारा संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान लगातार प्रभावी रूप से आगे बढ़ रहा है। अभियान के 12वें दिन जिले के शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी, पंपलेट वितरण, जनसंपर्क और विशेष जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश घर-घर तक पहुंचाया गया।
मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित कीं। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

शहर अनुभाग में कोतवाली पुलिस ने रतगढ़, रुधी, जूनापानी, नहाल्दा, बड़गांव, जामली और कोटवाड़ा सहित कई गांवों में ग्राम कोटवारों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से मुनादी कराकर तथा पंपलेट वितरित कर ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। वहीं मोघट रोड थाना पुलिस ने लाल चौकी क्षेत्र में नागरिकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने का संदेश दिया।
मुख्यालय अनुभाग के अंतर्गत छैगांवमाखन, जावर, पिपलोद और पंधाना थाना पुलिस ने भी गांव-गांव पहुंचकर मुनादी, पंपलेट वितरण और जनसंवाद के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से अवगत कराया।

मुंदी अनुभाग में मूंदी, मान्धाता, नर्मदा नगर और धनगांव थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और ओंकारेश्वर क्षेत्र में घर-घर जाकर नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी तथा डिजिटल माध्यमों पर सतर्क रहने की अपील की।
इसी तरह हरसूद अनुभाग के हरसूद, खालवा और किल्लौद थाना पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर ग्राम कोटवारों और स्थानीय नागरिकों को साइबर अपराधों की पहचान और उनसे बचाव के उपाय बताए।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बिजली बिल, पार्सल डिलीवरी के नाम पर ठगी, बैंक अधिकारी बनकर की जाने वाली धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजनाओं तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी जैसे मामलों से सतर्क रहने की सलाह दी।
खंडवा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी या संदिग्ध डिजिटल गतिविधि का सामना हो, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।

