खंडवा- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “ऑपरेशन सहयोग” अभियान के तहत खंडवा पुलिस ने एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए पिछले एक माह में 22 लाख रुपये मूल्य के 123 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। वर्षों बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खंडवा पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता की मुक्तकंठ से सराहना की।
सायबर सेल एवं जिले के सभी थाना प्रभारियों के समन्वित प्रयासों से बरामद किए गए ये मोबाइल गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से ट्रेस कर रिकवर किए गए। पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों और लगातार फॉलोअप के माध्यम से यह सफलता प्राप्त की।
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल वर्ष 2023, 2024, 2025 में गुम हुए थे, जबकि कुछ मोबाइल वर्ष 2026 में मात्र 20 से 25 दिन पहले ही खोए थे। बरामद मोबाइलों में थाना कोतवाली के 12, मोघट रोड के 4, पदमनगर के 4, छैगांव माखन के 9, जावर का 1, पिपलौद के 5, पंधाना के 6, धनगांव के 8, नर्मदानगर के 11, मांधाता के 16, मूंदी के 15, हरसूद के 10, खालवा के 18 तथा किल्लौद के 4 मोबाइल शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को “सेफ क्लिक” अभियान के तहत साइबर अपराधों से बचाव, मोबाइल गुम होने की स्थिति में संचार साथी ऐप और CEIR पोर्टल के उपयोग की विस्तृत जानकारी भी दी गई, ताकि भविष्य में लोग समय रहते अपने मोबाइल की ट्रैकिंग और ब्लॉकिंग कर सकें।
खंडवा पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक कुल 274 गुम मोबाइल, जिनकी अनुमानित कीमत 46 लाख रुपये है, बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। यह उपलब्धि जिले में साइबर सेल और थाना पुलिस की प्रभावी कार्यशैली तथा तकनीकी क्षमता का प्रमाण है।
इस पूरी कार्रवाई में जिला साइबर सेल के प्रधान आरक्षक जितेंद्र राठौर, विक्रम वर्मा तथा आरक्षक सुनील लाडगे, रामनरेश यादव, उदयसिंह राठौर, नरेंद्र मुकाती सहित जिले के सभी थानों के तकनीकी रूप से दक्ष पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खंडवा पुलिस की इस पहल ने न केवल नागरिकों का खोया सामान लौटाया, बल्कि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी और अधिक मजबूत किया।

