खंडवा- जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के विरुद्ध प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान को लगातार सफलता मिल रही है। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा पिछले दो माह से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत अवैध हाथभट्टी शराब के निर्माण, संग्रहण, विक्रय और परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लहान जप्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर ग्राम खिड़गांव, पिपलोदखास और कोठाघाट क्षेत्र में सघन तलाशी एवं छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से तैयार की जा रही हाथभट्टी कच्ची शराब तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाले महुआ लहान को बरामद किया गया। विभाग ने करीब 100 लीटर हाथभट्टी कच्ची मदिरा और 800 किलोग्राम महुआ लहान जप्त किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 95 हजार रुपये आंकी गई है।
जिला आबकारी अधिकारी श्री विनय रंगशाही ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 9 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सभी प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के अंतर्गत पंजीबद्ध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आबकारी विभाग की टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर रही हैं तथा मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है, जिससे अवैध कारोबारियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन का मानना है कि अवैध शराब का निर्माण और विक्रय न केवल शासन को राजस्व हानि पहुंचाता है, बल्कि यह आमजन के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। कई बार अवैध रूप से तैयार की गई शराब के सेवन से जनहानि की घटनाएं भी सामने आती हैं। इसी कारण जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
आबकारी विभाग ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। विभाग का कहना है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, विक्रय या परिवहन की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग को दें। इसके लिए आबकारी नियंत्रण कक्ष खंडवा के प्रभारी अधिकारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री चंदन सिंह मीणा के मोबाइल नंबर 98270 04644 पर संपर्क किया जा सकता है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
