उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का जन्मदिवस: देशम् संगठन ने किया सम्मान, जनकल्याणकारी कार्यों से कराया अवगत

भोपाल- मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित गरिमामय समारोह में डॉ. आंबेडकर समग्र समाज कल्याण महासंघ (देशम्) के प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता कर उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर संगठन की ओर से विधि प्रमुख एडवोकेट श्री रामस्वरूप अहिरवार सहित प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया तथा संगठन की वार्षिक पत्रिका “देशम् नवचेतना” सप्रेम भेंट की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को संगठन द्वारा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। संगठन की ओर से बताया गया कि देशम् शिक्षा के क्षेत्र में नि:शुल्क कोचिंग कक्षाओं का संचालन, मेधावी विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति सहयोग, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु कौशल विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण तथा सामाजिक जागरूकता के विविध कार्यक्रम निरंतर संचालित कर रहा है। इन पहलों का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़कर उन्हें मुख्यधारा में लाना है।

प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को संगठन की वार्षिक पत्रिका “देशम् नवचेतना” भी भेंट की, जिसमें संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों और समाजहित में किए जा रहे विभिन्न कार्यों का विस्तृत विवरण प्रकाशित है। उपमुख्यमंत्री ने पत्रिका का अवलोकन करते हुए संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धता और सेवा कार्यों की सराहना की।

उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने देशम् संगठन द्वारा शिक्षा, छात्रवृत्ति, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से संचालित ऐसे प्रयास सामाजिक परिवर्तन और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करते रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।

देशम् संगठन ने इस अवसर को सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के अपने संकल्प को सुदृढ़ करने का अवसर बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि शासन और समाज के समन्वित प्रयासों से शिक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भरता का लक्ष्य और अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *