रीवा- विंध्य अंचल के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया। रीवा एयरपोर्ट से भोपाल और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई। नई उड़ानों के शुभारंभ के साथ रीवा अब देश के प्रमुख महानगरों से हवाई मार्ग के जरिए और बेहतर तरीके से जुड़ गया है। एयरपोर्ट परिसर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नई हवाई सेवाओं का स्वागत करते हुए इसे विंध्य के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य के लोगों ने लंबे समय से क्षेत्र को हवाई सेवा से जोड़ने का सपना देखा था, जो अब धीरे-धीरे साकार हो रहा है। रीवा से भोपाल और कोलकाता की सीधी उड़ान शुरू होने से पूरे विंध्य क्षेत्र को देश के बड़े शहरों से हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी केवल आवागमन को आसान नहीं बनाती, बल्कि इसके साथ पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।
10 माह में पांच हवाई सेवाओं की सौगात
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उड़ान योजना के माध्यम से रीवा एयरपोर्ट के विकास और विस्तार को गति मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नई विमानन नीति में स्टेट बीजीएफ के माध्यम से हवाई सेवाओं के लिए अनुदान का प्रावधान किए जाने से क्षेत्र में विमान सेवाओं के विस्तार का रास्ता और आसान हुआ।
उन्होंने कहा कि इसका परिणाम है कि महज 10 माह की अवधि में रीवा को पांच हवाई सेवाओं की सुविधा प्राप्त हो गई है। यह उपलब्धि पूरे विंध्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति क्षेत्र की ओर से आभार व्यक्त किया।
नई सेवा के शुभारंभ के अवसर पर उप मुख्यमंत्री स्वयं नवीन फ्लाइट से भोपाल से रीवा पहुंचे। इसके बाद वे रीवा से कोलकाता जाने वाली नवीन उड़ान से रवाना हुए।
पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
विंध्य क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों और धार्मिक स्थलों के लिए जाना जाता है। बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से अब देश के अन्य हिस्सों से पर्यटकों के लिए रीवा और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई सेवाओं के विस्तार से विंध्य में पर्यटन और उद्योग तेजी से विकसित होंगे। क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और बेहतर कनेक्टिविटी इन संभावनाओं को आर्थिक गतिविधियों में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि विंध्य में पतंजलि समूह, टाटा समूह और महिंद्रा समूह जैसे बड़े औद्योगिक समूह निवेश के लिए रुचि दिखा रहे हैं। ऐसे में हवाई कनेक्टिविटी निवेशकों, उद्योगपतियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के लिए क्षेत्र तक पहुंच आसान बनाएगी।
रीवा के विकास में नया अध्याय
उप मुख्यमंत्री ने रीवा एयरपोर्ट के विकास को डबल इंजन सरकार की योजनाओं और प्रयासों का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से विंध्य के विकास को नई गति मिल रही है। सांसद रीवा और सांसद सतना सहित जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से हवाई सेवाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि रीवा अब केवल सड़क और रेल कनेक्टिविटी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हवाई मार्ग से भी देश के महत्वपूर्ण शहरों के साथ जुड़कर विकास की नई संभावनाओं को आकार देगा।
जनप्रतिनिधियों ने बताया बड़ी उपलब्धि
नगरीय विकास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विंध्य को लगातार विकास की नई सौगातें मिल रही हैं। उन्होंने हवाई सेवा के विस्तार को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और इसके लिए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के प्रयासों की सराहना की।
रीवा सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि एक समय था जब लोग आसमान में उड़ते विमान देखकर आश्चर्य करते थे, लेकिन अब रीवा से पांच बड़े शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू हो चुकी है। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की नई उड़ान बताया।
सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि विंध्य में प्राकृतिक संसाधनों के साथ पर्यटन और धार्मिक स्थलों की भरपूर संभावनाएं हैं। हवाई सेवा शुरू होने से इन क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी और विंध्य में विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।
व्यापार और टूरिज्म कॉरिडोर की उम्मीद
पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह ने कहा कि रीवा के विकास की कार्ययोजनाओं का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। हवाई सेवा के विस्तार से पर्यटन कॉरिडोर विकसित करने और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि रीवा की हवाई पट्टी से एयरपोर्ट बनने और अब पांच हवाई सेवाओं की सुविधा मिलने से विकास के नए द्वार खुले हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से भविष्य में बड़े विमानों की सुविधा भी उपलब्ध होने की उम्मीद है।
गुदुमबाजा से हुआ यात्रियों का स्वागत
कोलकाता से रीवा पहुंचे यात्रियों का एयरपोर्ट पर पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। विंध्य की पारंपरिक संस्कृति और लोककला को प्रदर्शित करने के लिए गुदुमबाजा लोकनृत्य की प्रस्तुति भी दी गई। पारंपरिक वाद्य और लोकनृत्य के माध्यम से अतिथियों एवं यात्रियों का स्वागत किया गया।
समारोह में विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी, विधायक ब्यौहारी शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष रीवा नीता कोल, सतना महापौर योगेश ताम्रकार, विंध्य विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
