श्रावण माह में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: खंडवा पुलिस ने संचालकों और ढाबा संचालकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

खंडवा- श्रावण माह के दौरान कांवड़ यात्राओं में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए खंडवा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलेभर में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित एवं सुचारु यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा संचालकों तथा मार्गों पर संचालित ढाबा संचालकों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन के निर्देश पर आयोजित इन बैठकों का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, सुरक्षा एवं समन्वय बनाए रखना है। पुलिस प्रशासन लगातार कांवड़ मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है तथा यात्रा मार्ग पर संचालित ढाबों, भोजनालयों और सेवा शिविरों के संचालकों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है।

इसी क्रम में पुलिस कंट्रोल रूम खंडवा में आयोजित बैठक की अध्यक्षता नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव बारंगे एवं सिटी मजिस्ट्रेट श्री बजरंग बहादुर ने की। बैठक में थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी मोघट रोड, थाना प्रभारी पदमनगर तथा चौकी प्रभारी रामनगर सहित संबंधित थाना क्षेत्रों के ढाबा संचालक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी संचालकों को शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने, श्रद्धालुओं के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार मुख्यालय, मुंदी एवं हरसूद अनुभाग के अंतर्गत आने वाले सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा संचालकों और ढाबा संचालकों के साथ बैठक कर यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन कराने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अव्यवस्था अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सभी आयोजकों से प्रशासन के साथ सतत समन्वय बनाए रखने तथा यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने का आग्रह किया गया।

खंडवा पुलिस ने जिलेवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, अनुशासन और आपसी सद्भाव बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए पूरे जिले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

“श्रद्धा आपकी, सुरक्षा हमारी” के संदेश के साथ खंडवा पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से निश्चिंत होकर यात्रा करने तथा किसी भी आवश्यकता या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *