मध्यप्रदेश को वैश्विक पर्यटन हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम, स्कल इंटरनेशनल से जुड़ेगा दुनिया का पर्यटन नेटवर्क : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल | पर्यटन विकास से बढ़ेंगे निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियां; भोपाल में स्कल इंटरनेशनल के स्थापना एवं पदग्रहण समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

भोपाल- मध्यप्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन अधोसंरचना के विकास, निवेश को बढ़ावा देने और जनभागीदारी के माध्यम से प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पर्यटन, प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीव संपदा देश-विदेश के पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।

उप मुख्यमंत्री भोपाल में आयोजित स्कल इंटरनेशनल के स्थापना एवं पदग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर महेंद्र प्रताप सिंह ने स्कल इंटरनेशनल भोपाल के प्रथम अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया।

श्री शुक्ल ने कहा कि पर्यटन केवल यात्रा और मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोजगार सृजन, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन, निवेश आकर्षित करने तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि पर्यटन से होटल, परिवहन, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद, खान-पान और सेवा क्षेत्र सहित अनेक क्षेत्रों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलता है।

उन्होंने कहा कि स्कल इंटरनेशनल जैसे विश्वस्तरीय संगठन का मध्यप्रदेश में आगमन प्रदेश के पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। इससे राज्य को अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, वैश्विक अनुभवों के आदान-प्रदान और पर्यटन क्षेत्र में आधुनिक नवाचारों का लाभ मिलेगा। साथ ही प्रदेश में पर्यटन निवेश, व्यवसायिक साझेदारी और वैश्विक सहयोग को भी नई गति मिलेगी।

अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन के समग्र विकास के लिए दूरदृष्टि के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्कल इंटरनेशनल जैसे वैश्विक मंच प्रदेश की पर्यटन क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सचिव, मुख्यमंत्री एवं पर्यटन विभाग तथा मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि यह पहल मध्यप्रदेश को विश्व पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगी। इससे अंतरराष्ट्रीय निवेश, पर्यटन सहयोग और नई परियोजनाओं के अवसर बढ़ेंगे, जिसका लाभ प्रदेश के पर्यटन उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर, स्कल इंडिया के अध्यक्ष संजीव मेहरा सहित पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े अनेक विशेषज्ञ, उद्योगपति और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

90 वर्षों से वैश्विक पर्यटन उद्योग को जोड़ रहा है स्कल इंटरनेशनल

समारोह में बताया गया कि स्कल इंटरनेशनल विश्व के सबसे बड़े पर्यटन एवं आतिथ्य पेशेवर संगठनों में से एक है। लगभग 90 वर्षों से सक्रिय यह संगठन 90 से अधिक देशों के करीब 12,500 सदस्यों को एक वैश्विक मंच पर जोड़ते हुए पर्यटन उद्योग में सहयोग, नवाचार, व्यवसायिक नेटवर्किंग और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता को बढ़ावा दे रहा है। मध्यप्रदेश में इसकी सक्रियता से प्रदेश के पर्यटन उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *