खंडवा- देश की स्वतंत्रता के दो महानायक अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद और लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की जयंती के अवसर पर सद्भावना मंच द्वारा एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माली कुआँ स्थित मंच कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मंच सदस्य कमल नागपाल ने बताया कि कार्यक्रम में सद्भावना मंच के संस्थापक प्रमोद जैन ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद और लोकमान्य तिलक भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने साहस, पराक्रम, दूरदृष्टि और अदम्य राष्ट्रभक्ति से देशवासियों में आजादी की अलख जगाई। दोनों की विचारधारा राष्ट्रहित, आत्मसम्मान और जनजागरण पर आधारित थी, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि देश के इन दोनों महान सपूतों की जयंती एक ही दिन मनाई जाती है। उनके आदर्श और सिद्धांत आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शक हैं। नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने दोनों महानायकों के जीवन प्रसंगों का स्मरण करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रमोद जैन, सुरेंद्र गीते, गणेश भावसार, कमल नागपाल, राजेश पोरपंथ, मुरली कोडवानी, निर्मल मंगवानी, श्वेता, योगेश गुजराती, योगेश गड़ले, सुभाष मीणा सहित सद्भावना मंच के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ।
