शहडोल- मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं और अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
निर्माणाधीन कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में चल रहे सभी निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए तथा पूर्ण होने के बाद उनका लोकार्पण स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए।
उन्होंने विजयसोता पुल निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाते हुए आगामी 31 अक्टूबर तक पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को शीघ्र लाभ मिल सके।
एनीमिया मुक्त भारत अभियान को मिलेगी गति

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में एनीमिया मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहडोल जिले के विद्यालयों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं, जहां बालिकाओं के हीमोग्लोबिन, एनीमिया और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण किए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरतमंद छात्राओं को समय पर दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं और स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जनजातीय विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को समय-समय पर मॉनिटरिंग करने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्रों में नहीं रहेगा डॉक्टरों का अभाव

श्री शुक्ल ने बताया कि जिले में 24 नए मेडिकल ऑफिसरों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि इन चिकित्सकों की सेवाएं विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में ली जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले का कोई भी स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टरों के बिना संचालित न हो।
सड़क, सिंचाई और स्वास्थ्य परियोजनाओं पर विशेष फोकस
बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर उप मुख्यमंत्री ने बस स्टैंड से मेडिकल कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मेडिकल चौराहे को जंक्शन प्रोजेक्ट में शामिल करने तथा मेडिकल कॉलेज में सिकल सेल वार्ड स्थापित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सोयाबीन फसल क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में किसानों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विकास परियोजनाओं की समीक्षा

उप मुख्यमंत्री ने बैठक में शहडोल-उमरिया सड़क मार्ग, हिरवार सिंचाई माइक्रो परियोजना, शहडोल नगर के सीवरेज प्रोजेक्ट, जल जीवन मिशन सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की समयबद्ध पूर्णता से ही आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सकेगा और जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक में विधायक श्री जयसिंह मरावी, श्रीमती मनीषा सिंह, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल, जिला योजना समिति सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
