खंडवा/हरसूद- ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरसूद ने किसानों, छात्रों एवं जनसामान्य की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हरसूद के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में किसानों की उपज खरीदी, खाद वितरण व्यवस्था, छात्रवृत्ति, स्कूल फीस और शैक्षणिक संस्थानों में कथित अनियमितताओं सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए हैं।
कांग्रेस ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार द्वारा मूंग खरीदी के लिए प्रति एकड़ केवल 1.20 क्विंटल का मानक निर्धारित किया गया है, जबकि वास्तविक उत्पादन इससे कई गुना अधिक होता है। ऐसे में किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। संगठन ने प्रति एकड़ खरीदी सीमा बढ़ाने की मांग की है।
ज्ञापन में किसानों को ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस का कहना है कि कई किसानों को टोकन मिलने के बावजूद समय पर खाद नहीं मिल रही है, जबकि खुले बाजार में खाद की कालाबाजारी हो रही है। संगठन ने ई-टोकन प्रणाली को सरल बनाने और इसकी समय-सीमा बढ़ाने की मांग की है।
इसके अलावा शासकीय महाविद्यालयों में बढ़ी हुई फीस को लेकर भी चिंता जताई गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि हरसूद के शासकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों से अन्य संस्थानों की तुलना में अधिक फीस ली जा रही है, जिसे कम किया जाना चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस ने हरसूद स्थित सांदीपनि विद्यालय में छात्रवृत्ति एवं गणवेश वितरण में लाखों रुपये के कथित गबन की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
संगठन ने खंडवा आईटीआई के संभावित निजीकरण का भी विरोध करते हुए कहा कि इससे छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। ज्ञापन में सरकार से सभी मुद्दों पर शीघ्र और उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरसूद ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ तो किसानों और छात्रों के हित में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।
