समय पर जांच और उपचार से एचआईवी पर नियंत्रण संभव : उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल | 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक चलेगा प्रदेशव्यापी एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान

भोपाल- अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले प्रदेशव्यापी सघन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को एचआईवी की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक करना तथा संक्रमण से जुड़ी भ्रांतियों और झिझक को दूर करना है।

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि समय पर एचआईवी जांच और उपचार से संक्रमण को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से बिना संकोच एचआईवी जांच कराने और संक्रमित व्यक्तियों से नियमित एआरटी उपचार प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गर्भावस्था के प्रथम तीन माह में एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस-बी की जांच कराने पर भी विशेष जोर दिया।

युवाओं की भूमिका अहम

मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा कमला नगर सिविल डिस्पेंसरी में आयोजित कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।

राज्य मंत्री श्री पटेल ने कहा कि एचआईवी के नियंत्रण एवं रोकथाम में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से ब्रेकफ्री इंडिया पोर्टल के माध्यम से एचआईवी जोखिम का आकलन करने तथा आवश्यक जानकारी प्राप्त करने का आह्वान किया।

गांव से शहर तक चलेगा जागरूकता अभियान

दो माह तक चलने वाले अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों, सघन शहरी बस्तियों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम सभाओं और ग्राम स्वास्थ्य समितियों के माध्यम से व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। लोगों को एचआईवी से बचाव, जांच एवं उपचार की उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।

अभियान के माध्यम से एचआईवी को लेकर समाज में मौजूद गलत धारणाओं और संकोच को दूर करने तथा जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच और उपचार सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। प्रदेश की जनता, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।

कार्यक्रम में भोपाल संभाग की क्षेत्रीय संचालक डॉ. नीरा चौधरी, सीएमएचओ भोपाल डॉ. मनीष शर्मा, संयुक्त संचालक श्रीमती सविता ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग एवं मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *