इंदौर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: दो स्थानों पर छापेमारी, 1.80 लाख रुपये की अवैध शराब और दो मोटरसाइकिलें जब्त

इंदौर- जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान लगभग 1.80 लाख रुपये मूल्य की अवैध मदिरा और परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश तथा सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में जिलेभर में आबकारी विभाग द्वारा लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत रविवार को विभिन्न आबकारी दलों ने अलग-अलग क्षेत्रों में चेकिंग के दौरान यह सफलता हासिल की।

पहली कार्रवाई महू ‘अ’ वृत्त की टीम ने की, जहां संदेह के आधार पर राहुल पिता केसर सिंह, निवासी पिगडम्बर, महू की मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर उसमें अवैध रूप से परिवहन की जा रही देसी मदिरा मसाला बरामद हुई। विभाग ने शराब एवं मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 85,300 रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

दूसरी कार्रवाई आंतरिक-2 वृत्त की टीम ने कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी एवं डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में सदर बाजार क्षेत्र में की। यहां संदीप पिता धर्मेंद्र मौर्या, निवासी सदर बाजार, इंदौर की मोटरसाइकिल की तलाशी के दौरान वाहन में रखे प्लास्टिक के बोरे से 100 क्वार्टर (18 बल्क लीटर) देसी मदिरा मसाला बरामद की गई। अवैध शराब एवं मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य 95,000 रुपये है। आरोपी के विरुद्ध भी मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।

इस कार्रवाई में प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक जया मुजाल्दे, आबकारी आरक्षक उस्मान मिर्ज़ा एवं राहुल जामोद सहित विभागीय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में अवैध मदिरा कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *