खंडवा में मिलावटखोरों पर शिकंजा, 10 से अधिक डेयरियों में खाद्य सुरक्षा टीम की जांच | रैपिड टेस्ट किट से मौके पर जांच, डेरी संचालकों को स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों के पालन के सख्त निर्देश

खंडवा- मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निर्देश पर मंगलवार को खंडवा शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 10 से अधिक डेयरियों में औचक निरीक्षण कर दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मयूरी डोंगरे एवं राधेश्याम गोले के नेतृत्व में टीम ने शहर की प्रमुख डेयरियों में पहुंचकर वहां उपलब्ध दूध की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। कार्रवाई के दौरान सतगुरु डेरी और दुर्गा मिल्क प्रोडक्ट सहित कुल 10 प्रमुख डेयरियों का निरीक्षण किया गया।

रैपिड टेस्ट किट से मौके पर हुई दूध की जांच

विशेष अभियान के दौरान डेयरियों से दूध के नमूने लेकर उनकी शुद्धता एवं गुणवत्ता का परीक्षण आधुनिक ‘रैपिड टेस्ट किट’ के माध्यम से मौके पर ही किया गया। इस तकनीक के जरिए खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रारंभिक स्तर पर दूध की गुणवत्ता की जांच की और आवश्यक बिंदुओं को दर्ज किया।

अभियान का उद्देश्य दूध में मिलावट की संभावनाओं की जांच करने के साथ-साथ डेरी संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी रहा।

स्वच्छता को लेकर दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी डेरी संचालकों को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, दूध के सुरक्षित भंडारण तथा खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। संचालकों से कहा गया कि उपभोक्ताओं को केवल गुणवत्तापूर्ण एवं मानक दुग्ध उत्पाद ही उपलब्ध कराए जाएं।

डेयरियों में दूध की हैंडलिंग, संग्रहण और बिक्री के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले ने बताया कि मौके पर की गई जांच के साथ आवश्यक नमूनों की प्रयोगशाला जांच भी कराई जा रही है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर यदि कोई सामग्री अमानक या मिलावटी पाई जाती है तो संबंधित संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

शुद्ध दूध उपलब्ध कराने अभियान रहेगा जारी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों के साथ अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच का अभियान आगे जारी रहेगा।

मंगलवार की कार्रवाई से डेरी संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति रही। विभाग की टीम ने साफ संदेश दिया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *