
खंडवा/ओंकारेश्वर– मध्यप्रदेश की पवित्र तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में मां नर्मदा के संरक्षण, स्वच्छता, सुरक्षा और अविरल प्रवाह का संदेश लेकर दादा गुरु की पांचवीं नर्मदा परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने संतों, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के साथ मां नर्मदा का विधिवत पूजन कर चुनरी अर्पित की और दादा गुरु की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
दादा गुरु द्वारा निकाली जा रही यह पांचवीं नर्मदा परिक्रमा केवल धार्मिक आस्था की यात्रा नहीं, बल्कि मां नर्मदा के संरक्षण और जनजागरूकता का संदेश देने वाली यात्रा के रूप में भी देखी जा रही है। यात्रा का उद्देश्य मां नर्मदा की निर्मलता बनाए रखने, नदी को प्रदूषण से बचाने तथा उसके अविरल प्रवाह के प्रति समाज को जागरूक करना है।
भगवान गणेश और मां नर्मदा की पूजा के बाद शुरू हुई परिक्रमा
समाजसेवी सुनील जैन के अनुसार, नर्मदा परिक्रमा के शुभारंभ से एक दिन पहले दादा गुरु ने ओंकारेश्वर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंगलवार सुबह मां नर्मदा के तट स्थित गोमुख घाट पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया।
विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री गणेश और मां नर्मदा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद दादा गुरु ने मां नर्मदा की पांचवीं परिक्रमा यात्रा प्रारंभ की। इस दौरान घाट पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा के शुभारंभ के साक्षी बने।
मुख्यमंत्री ने मां नर्मदा को अर्पित की चुनरी
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दादा गुरु एवं उपस्थित संतों और जनप्रतिनिधियों के साथ मां नर्मदा का पूजन किया। मुख्यमंत्री ने मां नर्मदा को चुनरी अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां नर्मदा के दर्शन और पूजन से ही हमारे कष्ट दूर होते हैं। यदि हमें मां नर्मदा की परिक्रमा करने का सौभाग्य प्राप्त हो जाए तो यह जीवन को धन्य करने वाला अवसर है।
उन्होंने दादा गुरु द्वारा की जा रही नर्मदा परिक्रमा की सराहना करते हुए कहा कि वे संत के रूप में स्वयं के साथ-साथ दूसरों के कल्याण के लिए लगातार पांचवीं यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कामना की कि मां नर्मदा और दादा गुरु का आशीर्वाद सभी पर बना रहे, जिससे प्रदेश सरकार भी निरंतर लोककल्याण और जनसेवा के कार्य करती रहे।
नर्मदा संरक्षण और स्वच्छता का दिया जा रहा संदेश
दादा गुरु की नर्मदा परिक्रमा का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य लोगों को मां नर्मदा के प्रति आस्था के साथ-साथ जिम्मेदारी का भाव समझाना है। मां नर्मदा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
परिक्रमा के माध्यम से नदी में गंदगी नहीं डालने, जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने और नर्मदा के प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखने का संदेश दिया जा रहा है। नर्मदा तट से निकलने वाली यह यात्रा लोगों को नदी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, क्षेत्रीय विधायक नारायण पटेल, पंधाना विधायक छाया मोरे, भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, खरगोन जिला अध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे, अमर यादव, दीपक पटेल, दीपक पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु और नर्मदा भक्त भी गोमुख घाट पर मौजूद रहे। धार्मिक वातावरण में मंत्रोच्चार और मां नर्मदा के जयकारों के बीच परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ हुआ।
हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का हुआ स्वागत
तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हेलीपैड पर जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने स्वागत किया। इस दौरान संभागायुक्त, आईजी, डीआईजी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दादा गुरु की पांचवीं नर्मदा परिक्रमा धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण के संदेश का संगम है। नर्मदा मध्यप्रदेश की जीवनदायिनी नदी मानी जाती है और इसके संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में नर्मदा तट से शुरू हुई यह परिक्रमा लोगों को नदी के प्रति श्रद्धा के साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी का भी संदेश दे रही है।
ओंकारेश्वर से शुरू हुई दादा गुरु की यह पांचवीं नर्मदा परिक्रमा मां नर्मदा की निर्मलता, अविरलता और संरक्षण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक एवं सामाजिक पहल के रूप में सामने आई है।
Tags: #Omkareshwar #NarmadaParikrama #DadaGuru #MohanYadav #NarmadaMaiya #NarmadaSanrakshan #Khandwa #MadhyaPradesh #Narmada #OmkareshwarNews
