
भोपाल– उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि फार्मेसी केवल मुनाफे का व्यवसाय नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वास्थ्य सेवाओं की पूरी व्यवस्था में फार्मासिस्ट महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ दवाओं के उचित और विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति समाज को जागरूक करने में भी उनकी अहम भूमिका है। स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए चिकित्सकों, फार्मासिस्टों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी लोगों को सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना से कार्य करना होगा।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल भोपाल के रवीन्द्र भवन स्थित हंसध्वनि सभागार में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन ‘स्वस्थ भारत : एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से मुकाबला’ विषय पर किया गया।
दवाओं के सही उपयोग से ही सुरक्षित स्वास्थ्य व्यवस्था
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस यानी एएमआर आज जनस्वास्थ्य के सामने एक गंभीर चुनौती है। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और अनुचित इस्तेमाल रोगाणुओं में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा सकता है। इसका परिणाम यह हो सकता है कि सामान्य संक्रमणों का उपचार भी कठिन हो जाए।
उन्होंने कहा कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक लेना, निर्धारित अवधि से पहले दवा बंद कर देना अथवा आवश्यकता से अधिक दवा का उपयोग करना स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या पैदा कर सकता है। इसलिए इस विषय में केवल स्वास्थ्यकर्मियों ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों के बीच भी व्यापक जागरूकता जरूरी है।
बिना पर्चे के एंटीबायोटिक नहीं देने का आह्वान
श्री शुक्ल ने फार्मासिस्टों से विशेष रूप से अपील की कि वे चिकित्सकीय पर्चे के आधार पर ही एंटीबायोटिक और अन्य प्रिस्क्रिप्शन दवाओं का वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दवा विक्रय के दौरान व्यावसायिक हितों की अपेक्षा मरीज की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने फार्मासिस्टों से बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री नहीं करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही मरीजों को दवाओं की निर्धारित खुराक, सेवन की अवधि और चिकित्सकीय सलाह के महत्व के बारे में जानकारी देने की बात कही।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फार्मासिस्टों का सजग, जिम्मेदार और संवेदनशील व्यवहार एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में अहम कदम है।
आयुष्मान भारत ने जरूरतमंदों के लिए आसान की उपचार की राह
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना ने देश की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहतर एवं उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच आसान हुई है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार आवश्यक है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि नागरिकों को उनके निकटतम स्वास्थ्य संस्थान में बेहतर जांच, आवश्यक दवाइयां और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के विस्तार की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
राज्य फार्मेसी काउंसिल के नवीन भवन पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल द्वारा फार्मेसी विद्यार्थियों एवं फार्मासिस्टों के पंजीयन की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं व्यवस्थित बनाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और फार्मासिस्टों को पंजीयन संबंधी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समय पर उपलब्ध होना जरूरी है।
राज्य फार्मेसी काउंसिल के नवीन भवन निर्माण की अनुमति से संबंधित प्रस्ताव पर श्री शुक्ल ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर प्रस्ताव की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फार्मासिस्टों से सेवा और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने की अपील
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में फार्मासिस्टों की भूमिका केवल दवाओं के वितरण तक सीमित नहीं है। वे मरीजों को सही दवा, सही मात्रा और सही समय पर सेवन के संबंध में मार्गदर्शन देकर उपचार को अधिक प्रभावी बनाने में योगदान देते हैं।
उन्होंने फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों और पेशेवरों से सेवा, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों को अपने कार्य का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है और सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ भारत के लक्ष्य को मजबूत आधार मिल सकता है।
कार्यक्रम में खेल, युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रम के संयोजक डॉ. संजय कुमार जैन, राज्य सह-संयोजक एवं एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. शैलेश जैन, राज्य समन्वयक एवं लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ फार्मेसी के निदेशक डॉ. सुरेन्द्र कुमार जैन सहित फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि, प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।
