सोमवार, 11 अगस्त 2025

औषधि वाटिका विकास हेतु एम.पी. ट्रांसको में पौधारोपण

जबलपुर- मध्यप्रदेश शासन के बिजली कंपनियों में चल रहे पौधारोपण अभियान के अंतर्गत, मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) के नयागांव परिसर में औषधीय पौधारोपण किया गया। मुख्य अभियंता श्री राजेश द्विवेदी की पहल पर, इस अभियान का लक्ष्य एक औषधि वाटिका विकसित करना है।
पहले चरण में मुख्य वित्तीय अधिकारी श्री मुकुल मेहरोत्रा सहित विभिन्न अधिकारियों ने त्रिफला चूर्ण निर्माण में प्रयुक्त आंवला, बहेड़ा और हरेड़ जैसे औषधीय पौधे रोपे। इस अवसर पर सभी अधिकारियों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की शपथ ली।
पूरे राज्य में चलेगा अभियान
मुख्य अभियंता श्री राजेश द्विवेदी ने बताया कि आगामी चरणों में अन्य औषधीय प्रजातियों का भी रोपण किया जाएगा। ऊर्जा विभाग द्वारा दिए गए पौधारोपण लक्ष्य की पूर्ति के लिए, जबलपुर मुख्यालय सहित प्रदेश भर में एम.पी. ट्रांसको के सभी कार्यालयों, सबस्टेशनों और ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस मुख्यालयों में चरणबद्ध तरीके से यह अभियान संचालित होगा।
पौधारोपण कार्यक्रम में प्रबंध संचालक सुनील तिवारी, मुख्य अभियंता संदीप गायकवाड़, दिनेश शाक्यवार, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.एस. पांडे, सुरेन्द्र सोलंकी, राजेश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल से यूएनएफपीए स्टेट हेड श्री जैकब ने की सौजन्य भेंट, परिवार नियोजन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल से मंत्रालय भोपाल में संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) के स्टेट हेड ऑफ़ ऑफिस श्री सुनील थॉमस जैकब ने सौजन्य भेंट की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने संस्थान द्वारा प्रस्तुत अवलोकनों और सुझावों पर आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, प्रशिक्षित जनशक्ति की उपलब्धता और जनजागरूकता अभियानों को और अधिक सशक्त बनाने के लिए विमर्श किया।
     बैठक में प्रदेश में परिवार नियोजन के आधुनिक तरीकों को बढ़ावा देने, शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) और मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) को नियंत्रित करने के लिए संस्थान द्वारा किए जा रहे प्रयासों और प्राप्त अवलोकनों पर विस्तृत चर्चा हुई। श्री जैकब ने यूएनएफपीए की मध्यप्रदेश में प्रगतिरत गतिविधियों, कार्यक्रमों, उनके परिणामों और क्षेत्रीय स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी साझा की।

भर्ती प्रक्रिया समय से करें पूर्ण, निर्माण कार्यों की करें सतत निगरानी: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में विभागीय विषयों की समीक्षा की। उन्होंने फार्मासिस्ट ग्रेड-2, नेत्र सहायक एवं ओ.टी. टेक्नीशियन के पदों की भर्ती प्रक्रिया सितंबर 2025 तक पूर्ण करने के लिए ई.एस.बी. से समन्वय कर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। चिन्हित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं सिविल अस्पतालों का संचालन आउटसोर्स पद्धति से करने के प्रस्ताव को मंत्रि-परिषद् के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी के निर्देश भी दिए।
      उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बंधपत्र चिकित्सकों की नियुक्ति और कार्यस्थल में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रीवा चिकित्सा महाविद्यालय में बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी तथा रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में प्राध्यापक पद सृजन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही रीवा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के उन्नयन कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक अनुमोदन की कार्यवाही करने के विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
      उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने यू.जी. एवं पी.जी. सीट्स अपग्रेडेशन, पीएम-अभीम एवं 15वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के लिए मासिक कार्ययोजना बनाने और सतत् समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्योपुर एवं सिंगरौली के नए चिकित्सा महाविद्यालयों के अनुबंध पुनरीक्षण कर किए गए कार्य का भुगतान और स्थायी विद्युत कनेक्शन की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री तरुण राठी, प्रोजेक्ट संचालक श्री नीरज कुमार सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

अंगदान, जीवनदान उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विदिशा के देहदानी समाजसेवी श्री अरविंद कुमार जैन को दी श्रद्धांजलि

श्री अरविंद की पार्थिव देह को गार्ड ऑफ़ ऑनर देकर दी गई विदाई
भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने विदिशा र के देहदानी समाजसेवी दिवंगत श्री अरविंद कुमार जैन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि “अंगदान, जीवनदान है” और श्री जैन का यह अमूल्य योगदान सम्पूर्ण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। राज्य सरकार अंगदान को प्रोत्साहित करने के लिए इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है और श्री जैन जैसे व्यक्तित्व इसे नई दिशा देते हैं। जीवन के अंतिम क्षण तक सेवा भाव में रमे श्री जैन का शनिवार शाम स्वास्थ्य खराब होने के बाद भोपाल के सेज अपोलो अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह एंबुलेंस द्वारा विदिशा मेडिकल कॉलेज पहुंचाई गई, जहां राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
     उल्लेखनीय है कि मूलतः विदिशा निवासी श्री जैन पिछले चार दशकों से सिरोंज में रह रहे थे। वे सामाजिक, धार्मिक व मानवीय कार्यों में निरंतर सक्रिय रहे। इसके अलावा वे योग क्लब के प्रारंभिक सदस्यों में शामिल थे और स्वस्थ जीवनशैली के समर्थक थे। उन्होंने 22 अक्टूबर 2017 को सार्वजनिक कार्यक्रम में देहदान की शपथ ली थी। इस अवसर पर उनकी पत्नी श्रीमती शाशि जैन और पुत्र श्री अंशुल जैन ने भी देहदान की वसीयत लिखी थी।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गोकुल स्थित रमणरेति धाम में श्री कार्ष्णिपीठाधीश्वर स्वामी श्री गुरुशरणानंद जी महाराज से की भेंट

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रविवार को सपरिवार गोकुल स्थित रमणरेति धाम पहुंचकर श्री कार्ष्णिपीठाधीश्वर स्वामी श्री गुरुशरणानंद जी महाराज का आशीर्वाद एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने श्री कृष्ण की लीलाभूमि रमणरेति की पावन रज को नमन किया।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने वृंदावन में श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज से की सौजन्य भेंट

महाराज जी के मुखारविंद से निकला प्रत्येक वचन धर्म का प्रतिमान: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रविवार को सपरिवार वृंदावन की पावन भूमि पर स्थित श्री हित राधा केली कुंज पहुंचकर परम पूज्य वृंदावन रसिक संत श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज से सौजन्य भेंट की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने इसे एक परम विशिष्ट आध्यात्मिक अनुभूति बताया। उन्होंने कहा कि संतों का सान्निध्य प्राप्त होना जनसेवा से अर्जित पुण्य कर्मों का संचित फल है। उन्होंने कहा कि महाराज जी के मुखारविंद से निकला प्रत्येक वचन धर्म का प्रतिमान है और उनके सान्निध्य में बिताया गया प्रत्येक क्षण मन, वचन और कर्म को पवित्र करने वाला है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने इस भेंट को अपने जीवन की अमूल्य आध्यात्मिक निधि बताते हुए कहा कि पूज्य महाराज जी का आशीर्वाद सदैव उन्हें लोककल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित करता रहेगा।

रविवार, 10 अगस्त 2025

किशोर दा के प्रति ऐसी दीवानगी पहली बार रक्षाबंधन पर्व पर देखने को मिली, बलवानी एवं सूरत से पधारी बहनों ने समाधि स्थल पर किशोर दा को बांधी राखी खिलाई मिठाई

खंडवा- रक्षाबंधन पर्व पर पूरे दिन फूलों का तारों सा सबका कहना है एक हजारों में मेरी बहना है, इस किशोर दा के गाये गीत के बीच बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। रक्षाबंधन पर्व पर एक अनोखा कार्यक्रम देश के महान गायक हरफनमौला कलाकार किशोर दाद की समाधि पर हुआ शाम 4:00 बजे वर्षा की रिमझिम के बीच किशोर दा के प्रेमी भाई एवं बहनें समाधि पर पहुंचे और अपने भाई स्वरूप किशोर दा को तिलक लगाकर राखी बांध मिठाई खिलाई श्रीफल भेंट किया गीत गुनगुनाकर राखी का पर्व मनाया। किशोर दा के प्रति ऐसी दीवानगी पहली बार रक्षाबंधन पर देखने को मिली। किशोर दा के प्रेमी नरेश बलवानी किशोर दा को बहुत चाहते हैं और कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने राजस्थान से किशोर दा की आदमकद प्रतिमा बुलाकर नगर निगम प्रशासन को सौंपी थी। महापौर अमृता अमर यादव की अनुमति से निगम प्रशासन द्वारा समाधि स्थल पर प्रतिमा स्थापित की गई। इस वर्ष किशोर दा का जन्मोत्सव गौरव दिवस के रूप में तीन दिनों तक शानदार तरीके से मनाया गया। और सभी संगीत और किशोर प्रेमियों ने दादा को याद किया। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि किशोर प्रेमी नरेश बलवानी के मन में रक्षाबंधन पर्व को लेकर उत्साह नजर आया उन्हे इस बार लग रहा था कि रक्षाबंधन के दिन किशोर दादा की कलाई सुनी नहीं होनी चाहिए फिर उन्होंने सुबह एक बहन को बोला कि शाम को चार बजे किशोर दा की समाधि स्थल पर चलकर रक्षाबंधन का त्यौहार मनाएंगे और किशोर दा को राखी बांधेंगे ठीक चार बजे ही ऐसी बारिश गिरी की मैंने सोचा कि बहन का आना मुश्किल लग रहा था अब मैं ही चलता हु। इतना विश्वास हो गया कि आज मन में संकल्प हे तो वह पूरा जरूर होगा यहां समाधि पर आकर देखा तो एक कार में सूरत का एक परिवार २भाई २ बहने समाधि स्थल पर मिले जो किशोर दा के प्रशंसक थे और समाधि और स्मारक और देखने आए थे, मैने बहनों से पूछा कि क्या आप किशोर दा को राखी बांधोगे। उन्होंने कहा रक्षाबंधन का पर्व है और ऐसा मौका कहां मिलेगा बहनों ने एक और जहां नरेश भाई को राखी बांधी वही नरेश भाई को कई किशोर के दीवानों ने जो राखी कोरियर से भेजी थी वह सभी सभी राखीयो को बहनों ने किशोर दा की कलाई पर बांधा नरेश भाई एक-एक किशोर प्रेमियों का नाम ले रहे थे यवतमाल से मिलन नंदा बहन समीर नैना मयूरी गर्ग देवांश गर्ग अज़ीरा गदीया और बहने किशोर दा को राखी बांध रही थी। पहली बार किशोर प्रेमी नरेश बलवानी के मन में आया की किशोर दा के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाना है जो सफल हुआ। किशोर प्रेमी प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि रक्षाबंधन के पर्व पर गिरते पानी में नरेश बलवानी के साथ समाधि स्थल पर गुजरात से पधारी सविता दीदी, मीना बहन,संगीता बहन सूरत, डॉ विनया लातूर, संध्या बहन अहमदाबादसभी बहने शिष्यों की तरफ से गुरुदेव को कुंकुम का तिलक करके राखी बांधी श्री फल भेट किया लड्डू का प्रसाद खिलाया। उल्लेखनीय हैं की पड़ावा हनुमान मंदिर के सामने सुपर बाजार के मालिक नरेश बलवानी किशोर प्रेमी है और प्रति गुरुवार अपनी टीम और संगीत के इंस्ट्रूमेंट के साथ के साथ जाकर किशोर दा के गीत समाधि पर गुनगुनाते हैं।

हज़ार बिस्तर अस्पताल ग्वालियर में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने किया एनसीडी क्लीनिक का शुभारंभ, एनसीडी के समय से चिन्हांकन से गंभीर स्थितियों से होगा बचाव

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रविवार की शाम जयारोग्य चिकित्सालय समूह के हज़ार बिस्तर अस्पताल में नॉन-कम्युनिकेबल डिज़ीज़ (एनसीडी) क्लीनिक का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि एनसीडी क्लीनिक गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाने और उनका इलाज शुरू करने में सहायक होगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि बदलती जीवनशैली, खान-पान की गलत आदतें, तनाव और शारीरिक श्रम की कमी के कारण हृदय रोग, मधुमेह, कैंसर, उच्च रक्तचाप और थायरॉइड जैसी एनसीडी बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अक्सर इन बीमारियों का देर से पता चलने पर ये जानलेवा साबित होती हैं। इसी समस्या को देखते हुए एम्स भोपाल के बाद अब जयारोग्य अस्पताल समूह में यह विशेष क्लीनिक शुरू किया गया है।
    गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. धाकड़ ने बताया कि यह क्लीनिक कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के अधीन संचालित होगा। इसका उद्देश्य प्रदेश में बढ़ते एनसीडी मामलों पर नियंत्रण करना है। यहां मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और आवश्यकतानुसार उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। एनसीडी क्लीनिक को भविष्य में टेलीमेडिसिन और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड की सुविधा से भी जोड़ा जाएगा, ताकि मरीजों का डेटा सुरक्षित और आसानी से उपलब्ध रहे।
     एनसीडी क्लीनिक में हृदय रोग, मधुमेह, कैंसर, थायरॉइड और उच्च रक्तचाप जैसे रोगों का शुरुआती चरण में पता लगाकर समय पर इलाज किया जाएगा। इससे स्ट्रोक, हार्ट अटैक और किडनी फेलियर जैसी गंभीर स्थितियों से बचाव संभव होगा। आम जनता को बिना किसी अतिरिक्त खर्च के जांच व परामर्श की सुविधा मिलेगी और समय पर उपचार मिलने से समयपूर्व मौत के मामलों में कमी आएगी। जयारोग्य चिकित्सालय समूह के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना, कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज बंसल सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं यूजी व पीजी विद्यार्थी मौजूद थे।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गोवर्धन में मलूकपीठाधीश्वर श्री राजेन्द्रदास जी महाराज का लिया आशीर्वाद

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल सपरिवार सुरश्याम गौशाला, गोवर्धन पहुंचे। उन्होंने मलूकपीठाधीश्वर श्री राजेन्द्रदास जी महाराज का दिव्य आध्यात्मिक सान्निध्य प्राप्त किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि महाराज जी के परम पावन सान्निध्य में बिताया गया प्रत्येक क्षण उनके जीवन की अमूल्य थाती है, जिसने उन्हें नव आध्यात्मिक चेतना से परिपूर्ण किया है। उन्होंने कहा कि पूजनीय संत समाज की कृपा से वे लोकमंगल हेतु निरंतर कार्यरत हैं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सुरश्याम गौशाला में गौसेवा एवं धार्मिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की और उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद किया।

"हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता" अभियान के तहत कार्यक्रमों का आयोजन लगातार जारी

खंडवा- "हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता अभियान" के तहत खंडवा जिले में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में कार्यक्रमों का आयोजन लगातार जारी है। इस अभियान के तहत जिले के स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और महिलाओं की रैलियां आयोजित कर स्थानीय ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणजनों को अभियान के तहत "स्वच्छता की शपथ" भी दिलाई जा रही है। 
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती रत्ना शर्मा ने बताया कि "हर घर तिरंगा अभियान" के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में "तिरंगा" थीम पर रंगोली बनाकर महिलाओं और बच्चों को अभियान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिला बाल विकास विभाग द्वारा 15 अगस्त तिरंगा मेले, तिरंगा रैली, तिरंगा सेल्फी और स्वच्छता की शपथ जैसी गतिविधियों का आयोजन लगातार किया जाएगा।

Featured Post

औषधि वाटिका विकास हेतु एम.पी. ट्रांसको में पौधारोपण

जबलपुर- मध्यप्रदेश शासन के बिजली कंपनियों में चल रहे पौधारोपण अभियान के अंतर्गत, मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांस...